भाजपा पार्षद ने निगम के चालक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, घायल, पांच हजार कर्मियों ने किया हड़ताल का एलान

मेरठ: मेरठ के सूरजकुंड डिपो पर गुरुवार सुबह वार्ड 18 से भाजपा पार्षद रविंद्र ने निगम के ड्राइवर अविनाश पुत्र रतन कुमार को गोली मार दी। गोली पैर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। भीड़ में आरोपी पार्षद को मौके से पकड़ लिया। वहीं उसके साथी मौके से भाग गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

इंचोली थाना क्षेत्र के लावड़ निवासी अविनाश कुमार पुत्र रतन कुमार नगर निगम में ड्राइवर है। गुरुवार सुबह अविनाश अपने साथियों के साथ सूरजकुंड डिपो पर खड़ा था। आरोप है कि इसी बीच भाजपा पार्षद रविंद्र अपने एक दर्जन साथियों के साथ डिपो पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आज इसने निगम की कूड़ा गाड़ी के ड्राइवर अविनाश को फोन पर धमकाया और फिर अपने एक दर्जन साथियों के साथ डिपो पर हमला कर दिया. जमकर फायरिंग की. अविनाश और एक अन्य कर्मी को गोली लगी है

रविन्द्र भाग पाता उससे पहले ही कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया और खूब मारपीट कर दी। इसके बाद किसी ने कुर्सी मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने पार्षद रविन्द्र को मौके से गिरफ्तार किया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की गई है। वहीं वारदात के विरोध में नगर निगम के पांच हजार कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। सफाई, कूड़ा उठान और वाटर सप्लाई के काम अब बंद रहेंगे।

Related Articles

Back to top button