भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- दिल्ली वालों के लिए ऐतिहासिक होली, मिलेगी हर सुविधा

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली वालों के लिए यह एक ऐतिहासिक होली है जिसमें वे सबके साथ मिलजुलकर खुशी के साथ अपना त्योहार मना रहे हैं। इस अवसर पर सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार संकल्प पत्र में किया अपना हर वादा निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। दिल्ली सरकार जो बजट विधानसभा में रखने जा रही है, उसके लिए सभी नेता मिलजुलकर हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। इसका सुखद परिणाम जल्द ही जनता को दिखाई देगा। वीरेंद्र सचदेवा ने यह बात दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों के साथ होली कार्यक्रम में कहा।
सचदेवा ने कहा कि लंबे समय के बाद दिल्ली को विकास करने वाली सरकार मिली है। दिल्ली को एक विकसित देश की विकसित राजधानी के तर्ज पर विकसित करने के लिए हर पहलू को ध्यान में रखते हुए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली के हर नागरिक की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित बजट तैयार करने का प्रयास करेगी।
भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि लंबे समय बाद जनता की अपेक्षाएं पूरी हुई हैं। यह एक ऐतिहासिक अवसर है। सरकार हर अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। वे होली के रंग में पत्रकारों के साथ नाचते हुए लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, प्रवीण शंकर कपूर, विक्रम मित्तल और शुभेंदु शेखर अवस्थी सहित तमाम नेता शामिल हुए।